भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल 2026 को पूरे उत्साह, श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई। संयंत्र के औद्योगिक संबंध विभाग तथा बीएसपी एससी/एसटी कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा गांधी कला मंदिर में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में निदेशक प्रभारी (भिलाई इस्पात संयंत्र) श्री चित्त रंजन महापात्र ने सेक्टर-6 स्थित डॉ. अंबेडकर भवन पहुँचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संयंत्र के वरिष्ठ कार्यपालक निदेशक, महाप्रबंधक और कर्मचारी संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
महात्मा गांधी कला मंदिर में आयोजित मुख्य समारोह में दीप प्रज्वलन के पश्चात सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री चित्त रंजन महापात्र ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और समानता के वैश्विक प्रतीक हैं। उन्होंने वंचितों और महिलाओं के उत्थान के लिए बाबा साहेब के संघर्षों को याद करते हुए उनके मूल मंत्र—परिश्रम और दृढ़ता को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस गरिमामयी अवसर पर अतिथियों द्वारा डॉ. अंबेडकर के जीवन मूल्यों पर आधारित स्मारिका ‘नया सवेरा’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही:
समारोह में कार्यपालक निदेशक श्री ए.के. चक्रवर्ती, श्री प्रबीर कुमार सरकार, श्री कमल भास्कर, श्री ए.बी. श्रीनिवास सहित बीएसपी एससी/एसटी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री कोमल प्रसाद एवं महासचिव श्री विजय कुमार रात्रे विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में एसोसिएशन का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री प्रियंका मीणा ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री उत्तम मंडावी द्वारा किया गया। इस अवसर पर संयंत्र के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और संघ के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बाबा साहेब को नमन किया।