दुर्ग: हत्या के मुख्य आरोपी के अवैध होटल पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 7 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

Spread the love

दुर्ग/दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी द्वारा सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध होटल को ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई आपराधिक तत्वों के खिलाफ प्रशासन के सख्त रुख को दर्शाती है।

धार्मिक आयोजन में हुई थी हत्या

विगत 16 फरवरी 2026 को रात करीब 9:30 बजे मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक धार्मिक आयोजन के दौरान क्षय कुमार गोड़ उर्फ नानू की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 134/2026 (धारा 103, 109, 3(5) बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मनीष देशमुख सहित कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सरकारी जमीन पर चल रहा था अवैध होटल

पुलिस की विवेचना के दौरान यह बात सामने आई कि मुख्य आरोपी मनीष देशमुख (निवासी मोहन नगर) ने शक्ति नगर चौक स्थित मानस भवन के पास सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था और वहां वह एक होटल का संचालन कर रहा था।

पुलिस और निगम की संयुक्त कार्रवाई

इस खुलासे के बाद दुर्ग पुलिस ने अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम दुर्ग को पत्र लिखा। इसके बाद शुक्रवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के अवैध निर्माण को ढहा दिया और स्थल को अतिक्रमण मुक्त करा लिया।

​पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक तत्वों के हौसले पस्त करने के उद्देश्य से की गई है। शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आदतन अपराधियों और उनके अवैध कब्जों के खिलाफ भविष्य में भी निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *