सावधान! पैसे देकर बोर्ड का रिजल्ट सुधारने का झांसा दे रहे ठग, माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जारी किया अलर्ट

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य इन दिनों जोरों पर है। इस बीच, परीक्षा परिणामों में हेरफेर करने और नंबर बढ़ाने का प्रलोभन देकर ठगी करने वाले असामाजिक तत्व भी सक्रिय हो गए हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

2024 और 2025 में भी सामने आए थे मामले

मंडल के संज्ञान में आया है कि कॉपियों की जांच के दौरान कुछ जालसाज छात्रों और उनके माता-पिता को फोन कर रहे हैं। इन फोन कॉल्स में दावा किया जा रहा है कि वे पैसे लेकर फेल हो रहे छात्रों को पास करा सकते हैं या उनके नंबरों में इजाफा कर सकते हैं। शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि साल 2024 और 2025 के मूल्यांकन के दौरान भी इसी तरह के फर्जी फोन कॉल आने की शिकायतें मिली थीं। ठग इस संवेदनशील समय का फायदा उठाकर पालकों की गाढ़ी कमाई लूटने की फिराक में रहते हैं।

मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि माशिमं की मूल्यांकन प्रणाली पूरी तरह से पारदर्शी, सुरक्षित और गोपनीय है। किसी भी बाहरी व्यक्ति का इसमें हस्तक्षेप संभव नहीं है और ना ही कोई पैसे लेकर परिणाम में बदलाव कर सकता है।

थाने में दर्ज कराएं शिकायत

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सभी अभिभावकों और विद्यार्थियों को सख्त हिदायत दी है कि वे ऐसे किसी भी फर्जी फोन कॉल या संदेश पर कतई भरोसा न करें। यदि किसी भी व्यक्ति को रिजल्ट सुधारने के एवज में पैसों की मांग करने वाला कॉल आता है, तो वे बिना डरे तत्काल इसकी सूचना अपने नजदीकी पुलिस थाने में दें और ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। पुलिस प्रशासन की मदद से ऐसे गिरोहों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *