महासमुंद में बड़ी कार्रवाई: वाहन चेकिंग के दौरान कार से 75 लाख रुपये कैश बरामद, दो लोग हिरासत में

Spread the love

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कोमाखान पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 75 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई NH-353 पर टेमरी जांच नाके के पास की गई।

​जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम टेमरी नाके पर नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक होंडा सिटी कार (क्रमांक OD 05 PB 2122) वहां पहुंची। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो कार के अंदर से 75 लाख रुपये कैश बरामद हुए।

​नकदी के संबंध में जब पुलिस ने कार चालक राजेन्द्र महानंद और उनके साथ मौजूद महाप्रज्ञ जैन से पूछताछ की, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है।

​शुरुआती पूछताछ में हिरासत में लिए गए लोगों ने बताया कि यह रकम सोने-चांदी के लेनदेन के लिए ओड़िशा के कांटाबांजी से रायपुर ले जाई जा रही थी। यह कैश रायपुर की ‘मनोहर मका एंड कंपनी’ और ’60 ज्वेलर्स’ को दिया जाना था।

​चूंकि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी का कोई हिसाब नहीं मिला है, इसलिए कोमाखान पुलिस अब इस पूरे मामले को आगे की कार्रवाई और जांच के लिए इनकम टैक्स (आयकर) विभाग को सौंपने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *