भिलाई: रंगों के त्योहार होली के दिन भिलाई में एक खौफनाक घटना सामने आई है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अर्जुन नगर में होली खेल रहे एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे पर एक नाबालिग ने कटर से हमला कर दिया। इस हिंसक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन नगर मोहल्ले में बच्चे आपस में होली खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक नाबालिग लड़के ने 10 साल के मासूम पर कटर से वार कर दिया। हमले में बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नाबालिग मौके से भागने में कामयाब रहा।
लहूलुहान हालत में सुपेला अस्पताल पहुंचा बच्चा
हमले के तुरंत बाद, लहूलुहान और घायल अवस्था में बच्चे को उसके परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए सुपेला स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायल बच्चे का उपचार किया जा रहा है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस की एक टीम फरार आरोपी नाबालिग की सरगर्मी से तलाश कर रही है और इलाके में दबिश दे रही है।