गरियाबंद: जिले के फिंगेश्वर वन परिक्षेत्र में एक बड़ी घटना सामने आई है। सरकड़ा और बोरिद के बीच स्थित बांस के घने जंगल में अचानक भीषण आग लग गई है। तेज हवाओं के कारण आग काफी तेजी से फैल रही है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
आग की लपटें इतनी भयानक हैं कि देखते ही देखते कई बांस समेत जंगल के अन्य हरे-भरे पेड़ पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया है और आग बुझाने की कवायद में पूरी तरह से जुट गया है। हालांकि, तेज हवाओं के चलते आग पर काबू पाने में वन विभाग की टीम को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। टीम की प्राथमिकता किसी भी तरह आग को और अधिक हिस्से में फैलने से रोकना है ताकि जंगल को बड़े नुकसान से बचाया जा सके।