भिलाई/दुर्ग। कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज के मरम्मत कार्य के चलते 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक इस मार्ग पर यातायात डायवर्सन लागू रहेगा। यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस और प्रशासन ने भारी, मध्यम और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्गों की विस्तृत रूपरेखा जारी कर दी है।
24 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग, श्री विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), बीएसपी और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने डायवर्सन मार्गों का निरीक्षण कर अंतिम दिशा-निर्देश जारी किए। निर्माण कार्य के दौरान 24 घंटे निगरानी, क्रेन और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
हल्के वाहनों (कार, जीप, टाटा एस, पिक-अप, बाइक) के लिए रूट प्लान
दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले मार्ग:
- एयरपोर्ट/नया रायपुर/आरंग/अभनपुर जाने वाले: नेवई-उतई-सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग का उपयोग करें।
- सुपेला/भिलाई/रिसाली/नेवई से जाने वाले: उतई-सेलूद-ढौर-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर से रायपुर मार्ग का उपयोग करें।
- खुर्सीपार/चरोदा/भिलाई-3 से जाने वाले: सिरसा गेट-सिरसा खुर्द-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर से रायपुर मार्ग से जाएं।
- नंदिनी/अहिरवारा/कुम्हारी से जाने वाले: कुम्हारी टोल पार कर दाहिने पुल से होकर खारून नदी ब्रिज से आवागमन करेंगे।
- बीएसपी प्लांट के वाहन: प्लांट से रायपुर जाने वाले वाहन उतई से सेलुद, फूंडा-मोतीपुर मार्ग का प्रयोग करेंगे।
रायपुर से दुर्ग की ओर आने वाले मार्ग:
- भनपुरी/गुढ़ियारी/हीरापुर/टाटीबंध से आने वाले: चन्दनीडीह से लेफ्ट होकर पुराने रपटा पुल का प्रयोग कर कुम्हारी टोल तक जा सकेंगे।
- अन्य हल्के वाहन (कार/बाइक): रायपुरा से महादेवघाट की ओर मुड़कर अमलेश्वर-मोतीपुर होकर भिलाई/दुर्ग आ सकेंगे।
भारी व मध्यम वाहनों के लिए आवागमन और ‘नो-एंट्री’ प्लान
भारी वाहनों का कुम्हारी खारून नदी ब्रिज (दाहिने पुल) से सिंगल लाइन में आवागमन जारी रहेगा। इसके अलावा, नंदिनी/अहिरवारा/बेरला से रायपुर जाने वाले भारी वाहन मुरमुंदा-ओटेबंध-गुधेली-पठारीडीह होकर उरला (रिंग रोड नम्बर 04) की ओर से प्रस्थान करेंगे।
निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश
- 24 घंटे क्रेन सेवा: कुम्हारी ब्रिज के दोनों ओर और सिरसा गेट चौक अमलेश्वर में खराब वाहनों को हटाने के लिए 24 घंटे क्रेन उपलब्ध रहेगी।
- वालेंटियर की तैनाती: निर्माण कार्य अवधि के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सँभालने के लिए एजेंसी 24 घंटे पर्याप्त वालेंटियर तैनात करेगी।
- रूट मैप और संकेतक: डायवर्सन मार्गों पर स्पष्ट संकेतक बोर्ड, रूट मैप और दिशा-निर्देश के फ्लेक्स अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक कुम्हारी मुख्य मार्ग का उपयोग करने से बचें। असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों (डायवर्सन) का ही उपयोग करें। नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिस व वालेंटियर्स का सहयोग करें। भारी वाहनों द्वारा मार्ग उल्लंघन करने पर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।