रायपुर | छत्तीसगढ़ की न्यायपालिका के इतिहास में 22 फरवरी 2026 का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। राजधानी के होटल बेबीलॉन कैपिटल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भारत के मुख्य न्यायमूर्ति (CJI) माननीय श्री न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की डिजिटल ई-स्मारिका “नर्चरिंग द फ्यूचर ऑफ द ज्यूडिशियरी” का विमोचन किया।
न्यायालय लोकतंत्र के आधुनिक किले: CJI सूर्यकांत
मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए सीजेआई सूर्यकांत ने छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा:
“जैसे प्राचीन समय में छत्तीसगढ़ के ‘छत्तीस किले’ शासन और सुरक्षा के केंद्र थे, वैसे ही आज हमारे संवैधानिक न्यायालय लोकतंत्र के आधुनिक किले हैं। ये किले सीमाओं की नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा करते हैं।”
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि न्यायपालिका को समाज से अलग नहीं होना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि उच्च न्यायालय की दृष्टि और संवेदनशीलता का विस्तार दंतेवाड़ा, बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक होना चाहिए, ताकि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी न्याय मिल सके।
समारोह के विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि यह ई-स्मारिका केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि 2003 से अब तक की अकादमी की विकास यात्रा का सजीव प्रमाण है। उन्होंने सीजेआई की उपस्थिति को राज्य की न्यायपालिका के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया
इस अवसर पर उच्चतम न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति श्री पमिदिघनतम श्री नरसिम्हा और श्री प्रशांत कुमार मिश्रा भी उपस्थित थे। न्यायमूर्ति मिश्रा के छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से पुराने जुड़ाव को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण:
- ई-स्मारिका का शीर्षक: “नर्चरिंग द फ्यूचर ऑफ द ज्यूडिशियरी” (Nurturing the Future of the Judiciary)।
- विषय: आधुनिक विधिक प्रशिक्षण और डिजिटल युग के अनुरूप न्यायिक सुधार।
- उपस्थिति: समारोह में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के समस्त न्यायाधीश, तेलंगाना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति पी. सैम कोशी, विधि विभाग के प्रमुख सचिव, रजिस्ट्रार जनरल और रायपुर जिला न्यायालय के न्यायाधीशगण शामिल हुए।
कार्यक्रम का समापन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति श्री संजय के. अग्रवाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।