जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना में पदस्थ उप निरीक्षक (SI) कृष्ण कुमार साहू को कर्तव्य में लापरवाही बरतना महंगा पड़ गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि SI ने मारपीट के मामले में FIR दर्ज करने के बजाय थाने में ही दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया।
क्या है मामला?
घटना 27 मार्च 2026 की रात की बताई जा रही है। ग्राम रोगदा निवासी प्रकाश नोरगे ने शिकायत की थी कि विनोद और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित अकलतरा थाने पहुंचा, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद SI कृष्ण कुमार साहू ने मामले को दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों को समझाकर वापस भेज दिया।
SP की सख्त कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही SP विजय कुमार पाण्डेय ने इसे गंभीरता से लिया और इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही माना। उन्होंने तत्काल आदेश जारी कर SI को निलंबित कर रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) जांजगीर अटैच कर दिया।
जांच के आदेश
पूरे मामले की जांच SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी को सौंपी गई है। वे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट पेश करेंगे।
जारी निलंबन आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि शिकायत मिलने के बावजूद विधिसम्मत धाराओं में अपराध दर्ज नहीं किया गया, बल्कि दबाव बनाकर समझौता कराया गया। यह कृत्य प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही की श्रेणी में आता है।
विभाग में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। SP की इस सख्ती से साफ संकेत मिला है कि पीड़ितों की शिकायतों को नजरअंदाज करना या जबरन समझौता कराना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।