भिलाई। भारत सरकार के पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय और उत्तर पूर्व परिषद सचिवालय द्वारा आयोजित ‘अष्टलक्ष्मी दर्शन यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम’ के तहत छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों का चयन पूर्वोत्तर राज्यों के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण के लिए किया गया है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भिलाई स्थित इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
महाविद्यालय से इनका हुआ चयन
महाविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्राध्यापक सुरेश कुमार ठाकुर को छत्तीसगढ़ दल के नोडल अधिकारी के रूप में चुना गया है। उनके साथ ही कॉलेज के दो प्रतिभावान छात्रों, सुशील सेठी और नीतीश कुमार गुप्ता का भी इस कार्यक्रम हेतु चयन हुआ है। छत्तीसगढ़ से कुल 20 चयनित विद्यार्थी और 2 नोडल अधिकारी इस दल का हिस्सा होंगे।
*कार्यक्रम का विवरण एवं उद्देश्य
अवधि: यह भ्रमण 15 मार्च 2026 से 28 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया है।
होस्ट संस्थान: छत्तीसगढ़ के दल के लिए गुवाहाटी (असम) को मेजबान संस्थान निर्धारित किया गया है।
मुख्य लक्ष्य: इस पहल का उद्देश्य देश के युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समझ और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है।
*गौरव का क्षण*
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका मेश्राम के कुशल मार्गदर्शन में मिली इस सफलता को महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय माना जा रहा है। इस यात्रा के दौरान प्रतिभागी पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, भाषाई विविधता और वहां के शैक्षणिक वातावरण का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।
”यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के युवाओं को पूर्वोत्तर भारत की विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा, जिससे राष्ट्रीय समरसता की नींव और मजबूत होगी।”