होली पर हुड़दंग मचाया तो खैर नहीं: दुर्ग पुलिस ने 68 गुंडा-बदमाशों की निकाली परेड, दर्ज किए फिंगरप्रिंट

Spread the love

भिलाई/दुर्ग। रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने अभी से सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग क्षेत्र के 68 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को सेक्टर-06 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में तलब कर उनकी क्लास लगाई गई। पुलिस ने सभी के फिंगरप्रिंट लेकर उनका सत्यापन किया और त्योहार के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न करने की सख्त चेतावनी दी है।

अवैध गतिविधि और नशे पर रहेगी पुलिस की पैनी नज़र

आगामी होली पर्व के मद्देनजर पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे इन आदतन अपराधियों को पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी ने भी त्योहार की आड़ में नशा सेवन, अवैध बिक्री, मारपीट या हुड़दंग कर शांति भंग करने का प्रयास किया, तो तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर हुड़दंगियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं के तहत ‘बाउंड ओवर’ की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

त्योहार में लगातार पेट्रोलिंग करेगी पुलिस

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। त्योहार की पूरी अवधि के दौरान शहर के चप्पे-चप्पे पर सघन निगरानी रखी जाएगी और पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करेगी।

इन अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

बदमाशों की इस परेड और सत्यापन कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर, भिलाई नगर सीएसपी श्री सत्य प्रकाश तिवारी और छावनी सीएसपी श्री प्रशांत पैकरा के साथ-साथ सभी संबंधित थाना प्रभारियों, सीसीटीएनएस और कंट्रोल रूम स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की आम जनता से अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी सौहार्द, प्रेम और शांति के साथ मनाएं। यदि आसपास कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने या हुड़दंग करने की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *