
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतकों की उम्र लगभग 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के बाद घटना को कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भवन में ऐसी कोई गतिविधि संचालित नहीं हो रही थी। अधिकारियों के अनुसार, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन संचालित किया जा रहा था, जहां कर्मचारी गेमिंग सॉफ्टवेयर से संबंधित कार्य करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं और लपटों की चपेट में आ गया। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोग इमारत के छज्जों तक पहुंच गए, जबकि एक व्यक्ति ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए कूलिंग ऑपरेशन जारी है।
सीएम ने दिए जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल अधिकारियों को मौके पर भेजते हुए राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार और पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (DGP) और अपर मुख्य सचिव गृह (ACS Home) से घटनास्थल का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी राहत कार्यों की निगरानी की और पीड़ितों के उपचार की जानकारी ली। वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है