
छत्तीसगढ़ कलार समाज के शिक्षा प्रकोष्ठ ने किया आयोजन, शिक्षा के साथ खेल व रचनात्मक प्रतिभाओं को भी मिला सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ कलार समाज के शिक्षा प्रकोष्ठ की ओर से द्वितीय वर्ष ‘शिक्षा रत्न’ शिक्षक, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन 20 सितंबर को नया रायपुर स्थित सत्यसाईं हॉस्पिटल ऑडिटोरियम में किया गया। समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे करीब 500 शिक्षकों एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को शिक्षा, खेलकूद और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ कलार समाज के प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा के निर्देश पर किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा ने की। आयोजन समिति के अध्यक्ष जशवंत सिन्हा, कोषाध्यक्ष नवीन सिन्हा, सचिव छवि गजेन्द्र तथा शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक देवेंद्र डडसेना सहित समाज के पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सांसद रूपकुमारी चौधरी रहीं मुख्य अतिथि
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी उपस्थित रहीं। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में राकेश पाण्डेय, अध्यक्ष खादी एवं ग्रामोद्योग एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त तथा अशोक बजाज, प्रदेश कार्यालय मंत्री भाजपा छत्तीसगढ़, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत रायपुर एवं पूर्व अध्यक्ष अपेक्स बैंक उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में विजय सिन्हा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बेमेतरा, अशोक सिन्हा, प्रदेश महामंत्री ओबीसी मोर्चा भाजपा छत्तीसगढ़, भोजराज सिन्हा, नेता प्रतिपक्ष भिलाई नगर निगम, अनिल सिन्हा, एडिशनल सेक्रेटरी विधि-विधायी विभाग मंत्रालय रायपुर तथा होरिलाल सिन्हा, सरगुजा संभाग प्रभारी भाजपा ओबीसी मोर्चा सहित समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शिक्षकों और विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न कक्षाओं एवं वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी ‘शिक्षा रत्न’ सम्मान प्रदान किया गया। शिक्षा के अलावा खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अतिथियों ने कहा कि समाज के विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास विकसित होता है। इसी उद्देश्य से शिक्षकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना प्राथमिकता
प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा ने कहा कि ‘शिक्षा रत्न’ सम्मान समारोह का यह दूसरा वर्ष है। इस वर्ष करीब 500 शिक्षकों एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समाज की प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें प्रोत्साहित करना समाज की प्राथमिकता है।
आयोजन समिति ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति के अध्यक्ष जशवंत सिन्हा, कोषाध्यक्ष नवीन सिन्हा, सचिव छवि गजेन्द्र सहित समिति के सदस्य नंदू सिन्हा, तेखन सिन्हा, अमरकांत सिन्हा, अशोक सिन्हा, कृष्ण कुमार सिन्हा, डॉ. कौशल सिन्हा, सुशील सिन्हा, संतोष सिन्हा एवं रूपेन्द्र सिन्हा का योगदान रहा।