खौफनाक: शक में प्रेमी बना कातिल, प्रेमिका की गला घोंटकर की हत्या

Spread the love
खौफनाक: शक में प्रेमी बना कातिल, प्रेमिका की गला घोंटकर की हत्या

पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, डायल-112 पर कॉल कर खुद दी सूचना

दुर्ग | दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत सुभाष नगर में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। प्यार, शक और गुस्से के खूनी मेल ने एक युवती की जान ले ली। बी.एड के छात्र कार्तिक राम साहू (27) ने अपनी प्रेमिका यूनेश्वरी वर्मा (26) की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी।

बी.एड की पढ़ाई के दौरान हुई थी दोस्ती

​पुलिस के अनुसार, मृतका यूनेश्वरी वर्मा खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली थी और दुर्ग में रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोपी कार्तिक बालोद जिले का निवासी है। दोनों की मुलाकात दुर्ग-बालोद मार्ग पर स्थित बीएम कॉलेज (कोलिहापुरी) में बी.एड की पढ़ाई के दौरान हुई थी। यहीं से दोनों का प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था।

शक ने ली जान, कमरे में बुलाकर दिया वारदात को अंजाम

​जांच में यह बात सामने आई कि कार्तिक अपनी प्रेमिका के चरित्र पर शक करता था। उसे अंदेशा था कि यूनेश्वरी का किसी और से भी संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 17 अप्रैल की दोपहर कार्तिक प्रेमिका को सुभाष नगर स्थित अपने किराए के कमरे पर लेकर गया। वहां फिर से उसी पुराने विवाद ने तूल पकड़ लिया। बहस के दौरान गुस्सा इस कदर बढ़ा कि कार्तिक ने यूनेश्वरी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, पर खुला राज

​हत्या के बाद आरोपी ने डायल-112 पर कॉल किया और पुलिस को बताया कि युवती बेहोश हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम जब युवती को अस्पताल लेकर पहुंची, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

“आरोपी कार्तिक साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रथम दृष्टया हत्या का कारण प्रेम संबंध में उपजा शक बताया जा रहा है।”

पद्मनाभपुर पुलिस प्रशासन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *