6 माह में पैसा डबल करने का झांसा देकर लाखों की ठगी, दुर्ग पुलिस ने महिला जालसाज को दबोचा

Spread the love

दुर्ग | पुलिस ने ठगी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने लोन दिलाने और महज 6 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच देकर पीड़ितों से 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की थी। आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बैंक खातों में मंगवाए पैसे

थाना पद्मनाभपुर से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर नाका निवासी लक्ष्मी टाण्डी (30 वर्ष) ने सारपल्ली भास्कर नामक व्यक्ति को निवेश पर मोटा मुनाफा और 6 माह में रकम डबल करने का झांसा दिया। प्रार्थी ने झांसे में आकर 3 लाख रुपये नगद और 7 लाख रुपये ऑनलाइन माध्यम से महिला के बताए खातों में जमा कर दिए। रकम वापस न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।

लोन के नाम पर भी की ठगी

ठगी का दूसरा मामला कविता श्रीवास्तव का है, जिन्हें आरोपी ने लोन दिलाने का वादा किया था। इसके बदले आरोपी ने 10 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नगद ऐंठ लिए। पुलिस ने दोनों मामलों में बीएनएस (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लक्ष्मी टाण्डी आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में थाना सुपेला में भी धोखाधड़ी (अपराध क्रमांक 813/2024) का मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *