
भिलाई। : तीज-त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। ‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान के तहत शहर के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बैकुंठ धाम, भिलाई स्थित मुस्कान फूड प्रोडक्ट में दबिश दी। जांच के दौरान संस्थान का खाद्य लाइसेंस मौके पर उपलब्ध नहीं पाया गया। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संस्थान को सील कर दिया।
खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए
जांच के दौरान अधिकारियों ने मुस्कान फूड प्रोडक्ट से विभिन्न खाद्य सामग्रियों के सैंपल भी लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अब लैब रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और मानकों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में लगातार जारी रहेगा अभियान
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी जितेंद्र नले के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारी सीजन में मिलावटी या मानक के विपरीत खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए विभाग की टीम लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।