बालोद ब्रेकिंग:-खेत में जली हालत में मिली युवती की लाश, शादी से पहले मौत

Spread the love
बालोद ब्रेकिंग:-खेत में जली हालत में मिली युवती की लाश, शादी से पहले मौत

अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम चिचा में 22 वर्षीय लेलेश्वरी साहू का शव मिला; पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे, हत्या या आत्महत्या पर सस्पेंस

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 22 वर्षीय युवती का जला हुआ शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान लेलेश्वरी साहू के रूप में हुई है, जो अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम चिचा की निवासी बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती का शव उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में जली हुई अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

इस घटना ने इसलिए भी लोगों को झकझोर दिया है क्योंकि मृतका की शादी आगामी 1 अप्रैल को तय थी। परिवार में जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

फिलहाल, युवती की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है—चाहे वह हत्या हो, आत्महत्या या कोई अन्य कारण। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *