
बलरामपुर। : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। त्रिकुंड थाना क्षेत्र में स्कूल जा रहे एक हेडमास्टर की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है, जो ग्राम धमनी कुमीहा स्थित शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि रोज की तरह सोमवार सुबह वे विद्यालय के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंड थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए तथा फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस जमीनी विवाद को हत्या का संभावित कारण मानकर जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
मामले में संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।