JEE Mains: चप्पल के तलवे में मोबाइल छिपाकर पहुंचा ‘मुन्नाभाई’, गार्ड की पारखी नजर ने पकड़ा

Spread the love
JEE Mains: चप्पल के तलवे में मोबाइल छिपाकर पहुंचा ‘मुन्नाभाई’, गार्ड की पारखी नजर ने पकड़ा

दुर्ग। पुरानी भिलाई स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रही जेईई मेंस (JEE Mains) परीक्षा में गुरुवार को नकल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक परीक्षार्थी ने हाई-टेक नकल के लिए अपनी चप्पल को ही मोबाइल होल्डर बना डाला। हालांकि, सुरक्षाकर्मी की सतर्कता के कारण आरोपी छात्र के मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अजीब चाल ने खोल दी पोल

जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र आदित्य सुबह 9 बजे की पाली में परीक्षा देने पहुंचा था। चेकिंग के दौरान उसने चालाकी दिखाते हुए अपनी चप्पलें पहले ही उतार दी थीं, ताकि मेटल डिटेक्टर में मोबाइल न पकड़ा जाए। सुबह करीब 11 बजे वह वॉशरूम जाने के बहाने बाहर निकला। जब वह 20 मिनट बाद वापस लौटा, तो सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार को उसकी चाल पर शक हुआ। वह चप्पलों को घसीटकर अजीब तरह से चल रहा था।

सर्जिकल स्ट्राइक जैसा कट: चप्पल के भीतर था मोबाइल

संदेह होने पर जब गार्ड ने छात्र को रोककर उसकी चप्पलों की सघन तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। छात्र ने चप्पल के मोटे तलवे को बीच से काटकर उसमें मोबाइल फिट कर रखा था। मोबाइल को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य नजरों से उसे देख पाना नामुमकिन था।

कानूनी कार्रवाई शुरू

घटना की सूचना तुरंत नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अधिकारियों और वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर को दी गई। पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *