यादव (ठेठवार) समाज की नई प्रांतीय कार्यकारिणी ने ली शपथ, सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का विमोचन

Spread the love
यादव (ठेठवार) समाज की नई प्रांतीय कार्यकारिणी ने ली शपथ, सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का विमोचन

कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव सहित चार विधायकों की मौजूदगी में राजिम में हुआ समारोह, 700 से अधिक लोग हुए शामिल

राजिम/गरियाबंद। यादव (ठेठवार) समाज महासभा, राजिम की नवनिर्वाचित प्रांतीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार, 25 अक्टूबर को प्रांतीय मुख्यालय राजिम में आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, राजिम विधायक रोहित साहू और नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष महेश यादव सहित समाज के वरिष्ठजन एवं 700 से अधिक सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पारंपरिक अहीर नृत्य की प्रस्तुति, पुष्पवर्षा और छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों से अतिथियों का स्वागत किया गया। समारोह में सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया गया।

संतोष यदु बने प्रांताध्यक्ष, पदाधिकारियों ने ली शपथ

समारोह में नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष संतोष यदु, महासचिव समेलिया यादव और कोषाध्यक्ष रमन यादव को कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई। वहीं, प्रांतीय कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों, युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ और प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों को प्रांताध्यक्ष संतोष यदु ने शपथ दिलाई।

युवा प्रकोष्ठ में उग्रसेन यदु को प्रांताध्यक्ष, बी.पी. यदु को महासचिव और महितोष यादव को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। महिला प्रकोष्ठ में पुष्पा भुवनेश्वर यादव को प्रांताध्यक्ष, किरण बलेंद्र यदु को महासचिव और सुनीति संतु यादव को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 100 से अधिक सदस्यों वाली प्रबंध कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।

पुराने और नए पदाधिकारियों का सम्मान

समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पूर्व पदाधिकारियों को फूलमाला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, पूर्व प्रांताध्यक्ष गुलेंद्र यादव ने भी नई कार्यकारिणी के सदस्यों का स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान पुराने और नए पदाधिकारियों के बीच आपसी सहयोग और संगठनात्मक निरंतरता का संदेश दिया गया।

नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष संतोष यदु ने समाज के विकास, संगठन की मजबूती और सामाजिक एकजुटता को लेकर आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा समाजहित में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का विमोचन

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण यादव (ठेठवार) समाज महासभा द्वारा तैयार किए गए ठेठवार सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का विमोचन रहा। कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने फॉर्म का विधिवत विमोचन किया। इस पहल का उद्देश्य समाज की जनसंख्या, परिवारों की संख्या और अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक जानकारियों को व्यवस्थित रूप से संकलित करना है। संकलित आंकड़ों से भविष्य में सामाजिक विकास, कल्याणकारी गतिविधियों और योजनाओं के बेहतर नियोजन में सहायता मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने कहा कि समाज की एकजुटता, पारस्परिक सहयोग और संगठित प्रयासों से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन गजानन यादव गुरुजी एवं कन्हैया यादव गुरुजी ने किया। अंत में महासचिव समेलिया यादव ने अतिथियों, पदाधिकारियों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में उपस्थित लोगों के लिए भोजन-प्रसादी की व्यवस्था भी की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *