सिंघीतराई में बड़ा हादसा: काम के दौरान हुआ ब्लास्ट, मलबे में दबे कई मजदूर, प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
सक्ती | सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसे ने कोहराम मचा दिया। दोपहर लगभग 2 बजे प्लांट का बॉयलर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
दोपहर 2 बजे गूंजा धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब बॉयलर के नीचे बड़ी संख्या में मजदूर अपने दैनिक कार्यों में लगे थे। दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में तकनीकी खराबी के चलते जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि प्लांट का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
बचाव कार्य और चीख-पुकार
हादसे के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए निजी और सरकारी अस्पतालों में भेजा गया है। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
प्रबंधन की बड़ी लापरवाही आई सामने
इस पूरे मामले में वेदांता पावर प्लांट प्रबंधन की घोर लापरवाही उजागर हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बॉयलर के रख-रखाव (Maintenance) में कमी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस बड़े हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्लांट के बाहर प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
“हादसा बेहद दुखद है। घायलों को बेहतर उपचार दिलाना हमारी प्राथमिकता है। मामले की जांच के लिए तकनीकी टीम गठित की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— प्रशासनिक अधिकारी, सक्ती