
भिलाई। शहर के सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर आज तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सेक्टर 8 से ग्लोब चौक की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर और फिर सीधे एक पेड़ से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार दो दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सेक्टर 6 निवासी दीपक और उसके दोस्त कौशिक के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4:00 बजे के आस-पास हुआ। बताया जा रहा है कि दुर्घटना से कुछ समय पहले दोनों युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ मौजूद थे और शराब का सेवन कर रहे थे। इसी बीच, दीपक और कौशिक दोस्तों को बिना कुछ बताए अचानक कार लेकर निकल पड़े।
रफ्तार अधिक होने के कारण सेंट्रल एवेन्यू में कार चालक अपना संतुलन खो बैठा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया और पंचनामा कर उन्हें सुपेला स्थित मर्चुरी भिजवा दिया है।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। दोनों युवक इतनी सुबह गाड़ी लेकर कहाँ जा रहे थे, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। इस खौफनाक हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों और पूरे इलाके में शोक की लहर है।