
भिलाई। : दुर्ग जिले के भिलाई स्थित खम्हरिया के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में छात्राओं के अचानक चीखने, घबराने और बेहोश होने की घटनाओं ने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और शिक्षा विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले शुक्रवार से अब तक करीब 10 से 11 छात्राएं इस तरह प्रभावित हो चुकी है। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले शुक्रवार को स्कूल की तीन छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्राएं पहले तेज आवाज में चीखने लगीं और कुछ ही देर बाद बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
इसके बाद भी अलग-अलग दिनों में इसी तरह की घटनाएं सामने आती रहीं। अब तक कुल 10 से 11 छात्राओं के प्रभावित होने की जानकारी मिली है। खास बात यह है कि ये घटनाएं केवल दोपहर की पाली में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राओं के साथ ही हुई हैं। वहीं, मॉर्निंग शिफ्ट के विद्यार्थियों में ऐसी कोई शिकायत सामने नहीं आई है।
घटनाओं के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना जिला शिक्षा विभाग को दी। शिक्षा विभाग के अधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गए हैं। साथ ही छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी जुटाई जा रही है। छात्राओं के अचानक बेहोश होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या, मनोवैज्ञानिक कारण, सामूहिक तनाव (Mass Psychogenic Illness) या किसी अन्य वजह से जुड़ा है। शिक्षा विभाग ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मनोवैज्ञानिकों की टीम से भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।