गदा चौक से शराब भट्टी हटाने जनहित संघर्ष समिति ने निगम कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन

Spread the love
गदा चौक से शराब भट्टी हटाने जनहित संघर्ष समिति ने निगम कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन

गोकुलधाम की तर्ज पर शहर से बाहर ‘भट्टीपारा’ बनाने की उठी मांग; मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

भिलाई। सुपेला गदा चौक स्थित देशी शराब दुकान को हटाने की बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर बुधवार को जनहित संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने निगम कमिश्नर सुरुचि सिंह को ज्ञापन सौंपा। समिति के संरक्षक कन्हैया सोनी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को कमिश्नर ने आश्वासन दिया है कि शराब दुकान को हटाने की प्रक्रिया जारी है और इसे शीघ्र ही अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इस सकारात्मक आश्वासन पर समिति ने निगमायुक्त का आभार व्यक्त किया है।

​5 वर्षों से चल रहा है संघर्ष, अब देशी दुकान में बिक रही अंग्रेजी शराब

विदित हो कि गदा चौक से इस शराब दुकान को हटाने के लिए विगत 5 वर्षों से लगातार आंदोलन किया जा रहा है। युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष मदन सेन, पारस जंघेल और संयोजक शारदा गुप्ता के नेतृत्व में अब तक मुख्यमंत्री आवास घेराव, धरना-प्रदर्शन, मशाल जुलूस और पदयात्रा जैसे कई बड़े चरणबद्ध आंदोलन किए जा चुके हैं। पूर्व में हुए विरोध के परिणामस्वरूप यहां से अंग्रेजी शराब की दुकान तो हटा दी गई थी, लेकिन अब उसी देशी शराब दुकान से अंग्रेजी शराब की भी बिक्री की जा रही है। इससे वहां शराबियों की भीड़ और अधिक बढ़ गई है, जिससे स्थिति बदतर हो गई है।

​छात्र-छात्राओं और एंबुलेंस का निकलना हुआ मुहाल

सुपेला चौक से गदा चौक जाने वाला यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्ततम रास्तों में से एक है। कोहका, स्मृति नगर, शांति नगर और वैशाली नगर के हजारों लोगों के साथ-साथ कॉलेज, हॉस्पिटल के छात्र-छात्राओं और स्कूली बच्चों का प्रतिदिन इसी मार्ग से आना-जाना होता है। शराब दुकान के कारण इस क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं, गाली-गलौज और सड़क पर शराब के डिस्पोजल फेंके जाने की घटनाएं आम हो गई हैं। इससे यहां से गुजरने वाली महिलाओं और बच्चों को भारी असहजता और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। भीड़ और बेतरतीब वाहनों के कारण कई बार एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड तक का इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो जाता है।

​डेयरियों की तरह शराब दुकानों के लिए भी बने ‘भट्टीपारा’

युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष मदन सेन ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से जनता त्रस्त है और प्रशासन द्वारा केवल आश्वासन दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन के सामने एक अनोखा और व्यावहारिक सुझाव रखते हुए मांग की कि जिस तरह शहर भर की डेयरियों को बाहर कर एक जगह ‘गोकुलधाम’ बनाया गया है, उसी तर्ज पर शहर के चौक-चौराहों से सभी शराब दुकानों को हटाकर शहर के बाहर किसी एक जगह ‘भट्टीपारा’ बनाया जाए। वहां शराब पीने वालों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जाएं, ताकि शहर के चौक-चौराहों पर शांति का माहौल बना रहे। वहीं, संयोजक शारदा गुप्ता ने कहा कि लगातार आंदोलन के बावजूद समाधान न होने से आम जनमानस में भारी आक्रोश और निराशा है। इसे अब और अधिक समय तक बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दुकान नहीं हटाई गई तो उग्र जन आंदोलन किया जाएगा।

​ज्ञापन सौंपने में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

निगमायुक्त को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जनहित संघर्ष समिति के संरक्षक कन्हैया सोनी, बंटी नाहर, राजेश केसरवानी, विनोद उपाध्याय और निशु पांडे सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।

​इस बहुप्रतीक्षित मांग का समर्थन करने वालों में युवा शक्ति संगठन अध्यक्ष मदन सेन, शारदा गुप्ता, पारस जंघेल, जुनेब खान, पूर्व पार्षद राजेश प्रधान, पूर्व पार्षद दीपक भोंडकर, अमिताभ भट्टाचार्य, निशु पांडे, बंटी नाहर, सुनील शर्मा, भारती बेन, पिंकू तिवारी, प्रदीप पांडे, धनेश्वर चौहान, टिंकू, प्रशांत क्षीरसागर, मणि वर्मा, रमेश देशमुख, अजय प्रसाद, नारायण सोनी, जहांगीर हुसैन, योगेश यादव, श्रेयांश साहू, मुकेश नेताम, माला ठाकुर, बबलू तांडी, गंगा प्रसाद मंडावी, वंशराज चौधरी, दिनेश चंद्र, सुंदर जायसवाल, मूलचंद जायसवाल, भीमसेन राय, लोकेश बंछोर, टिकेश्वर साहू, रूपलाल वर्मा, गंगाबाई, मालती, रेशम, लता साहू, कौशल्या, कविता मेश्राम, इंदु मेश्राम और सेवती देवी सहित सैकड़ों क्षेत्रीय नागरिक शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *