
भिलाई। गुरुद्वारा बाबा बुढ़ा साहिब जी, कोहका में धन-धन बाबा बुढ़ा साहिब जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में शब्द-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें संगत ने गुरु चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरबाणी के मधुर स्वर से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सिख पंचायत, भिलाई-दुर्ग की ओर से जसवीर सिंह चहल, पलविंदर सिंह रंधावा, गुरुनाम सिंह, बलदेव सिंह और हरपाल सिंह उपस्थित रहे। वहीं, सिख यूथ सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू एवं कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर गुरुद्वारा की प्रधान बीबी कुलवंत कौर जी ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को सिरोपाओ भेंटकर सम्मानित किया। सभी ने माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सिख धर्म की महान परंपराओं, सेवा, सिमरन और मानवता के संदेश को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
प्रकाश पर्व के माध्यम से संगत को सेवा, समर्पण और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।