
दुर्ग। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग में विश्वविद्यालय के एनसीसी सेल एवं 1 छत्तीसगढ़ आर एंड वी रेजिमेंट एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में वायु सेना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पोस्टर प्रस्तुति एवं प्रमाणपत्र वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वर्ष 2026 के पासिंग-आउट एनसीसी कैडेटों को ‘सी’ प्रमाणपत्र प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में 1 छत्तीसगढ़ आर एंड वी रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रवीण एम. के., वरिष्ठ जेसीओ गगनदीप शर्मा तथा निदेशक डॉ. आर.पी. अग्रवाल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.एन. तिवारी के संस्थागत सहयोग एवं कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र कुमार स्वर्णकार के मार्गदर्शन में किया गया। एनसीसी प्रभारी डॉ. आस्था चतुर्वेदी ने कार्यक्रम का संयोजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपकुलपति डॉ. आलोक भट्ट के स्वागत उद्बोधन एवं एनसीसी गीत के साथ हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि ने वायु सेना दिवस के महत्व और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए भारतीय वायु सेना की सेवाओं एवं राष्ट्र की सुरक्षा में उसकी भूमिका को रेखांकित किया।
समारोह में एनसीसी कैडेटों ने भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, ‘सी’ प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले कैडेटों के लिए यह अवसर विशेष उपलब्धि का रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेटों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय वायु सेना के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।