
एक्सपायरी दूध मिलने का दावा, सोनपापड़ी-मैसूर पाक और डेढ़ क्विंटल लड्डू नष्ट कराने के निर्देश
दुर्ग। दिवाली के त्योहार से पहले दुर्ग जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ खाद्य विभाग के कमिश्नर दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर से पहुंची टीम ने भिलाई के छावनी क्षेत्र स्थित मां दुर्गा डेयरी, बैकुंठ धाम स्थित मुस्कान फैक्ट्री और गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में गंदगी, अस्वच्छ वातावरण और खाद्य सामग्री के रखरखाव में लापरवाही सामने आई। टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे और संदिग्ध सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश दिए।
मां दुर्गा डेयरी में मिला एक्सपायरी दूध
खाद्य विभाग की टीम ने सबसे पहले भिलाई के छावनी क्षेत्र स्थित मां दुर्गा डेयरी में जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, यहां एक्सपायरी दूध मिला। पनीर बनाने वाले स्थान पर भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। गंदगी के बीच पनीर तैयार किए जाने की स्थिति सामने आने पर टीम ने दूध और पनीर के नमूने एकत्र किए।
अधिकारियों ने तैयार पनीर और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री संचालक की ओर से दो लाइसेंस भी प्रस्तुत किए गए, लेकिन अधिकारियों के अनुसार लाइसेंस संबंधी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी। टीम ने स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश भी दिए।
जांच के दौरान खाद्य सामग्री तैयार करने में पाम ऑयल के इस्तेमाल की बात भी सामने आई। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट और विभागीय कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगा।
डेयरी संचालक जगमोहन ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में दूध, दही और पनीर का उत्पादन किया जाता है तथा एनालॉग पनीर नहीं बनाया जाता। उन्होंने निरीक्षण के दौरान विभाग की ओर से दिए गए निर्देशों को स्वीकार करते हुए तैयार पनीर को नष्ट करने की कार्रवाई किए जाने की बात कही।
मुस्कान फैक्ट्री में सोनपापड़ी, मैसूर पाक और पेड़ा की जांच
इसके बाद खाद्य विभाग की टीम बैकुंठ धाम स्थित मुस्कान फैक्ट्री पहुंची। यहां भी साफ-सफाई को लेकर गंभीर कमियां सामने आईं। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में सोनपापड़ी, मैसूर पाक और पेड़ा तैयार रखे गए थे। दिवाली से पहले इन मिठाइयों को बाजार में आपूर्ति करने की तैयारी थी।
टीम ने मौके से मिठाइयों के नमूने लिए और तैयार खाद्य सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश दिए। त्योहार के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस तरह की जांच को खाद्य सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री में भी मिलीं कमियां
खाद्य विभाग की टीम ने गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया। यहां अन्य स्थानों की तुलना में स्थिति बेहतर बताई गई, लेकिन साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। अधिकारियों ने संचालक को तत्काल स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
फैक्ट्री में करीब डेढ़ क्विंटल लड्डू तैयार रखे थे। अधिकारियों ने इन लड्डुओं को भी नष्ट कराने के निर्देश दिए।
स्थानीय निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
दिवाली जैसे बड़े त्योहार से पहले मिठाई और पनीर की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्माण स्थलों की स्वच्छता का महत्व और बढ़ जाता है। जिन प्रतिष्ठानों में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री तैयार होती है, वहां नियमित निरीक्षण और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कार्रवाई के लिए रायपुर से टीम के पहुंचने के बीच यह सवाल महत्वपूर्ण है कि जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की नियमित निगरानी किस तरह की जा रही है।
फिलहाल खाद्य विभाग की ओर से दस्तावेजी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों के अनुसार, आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट और विभागीय प्रक्रिया के बाद ही उनकी गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
दिवाली से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने खाद्य सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सतर्कता की जरूरत सामने रखी है। त्योहार पर मिठाई और पनीर खरीदते समय उपभोक्ताओं को भी स्वच्छता, पैकेजिंग, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि और प्रतिष्ठान की विश्वसनीयता पर ध्यान देना चाहिए।