
महासमुंद। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को पटेवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत झलप के पास बावनकेरा चौक पर कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में एक ही परिवार के लोग सवार थे, जो राजनांदगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार कार ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में जान गंवाने वाली दोनों महिलाओं की पहचान तथा घायलों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।