
मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर नगर पंचायत क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने बैंक के बाहर खड़ी कार का कांच तोड़कर उसमें रखे 4 लाख 25 हजार रुपये नगद पार कर दिए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जनकपुर थाना क्षेत्र निवासी ध्रुव यादव ने State Bank of India की जनकपुर शाखा से चेक के माध्यम से 4.25 लाख रुपये निकाले थे। बैंक से बाहर आने के बाद उन्होंने नगदी से भरा बैग अपनी कार की आगे वाली सीट पर रखा और कुछ देर के लिए वहां से चले गए। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर बैग पार कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जनकपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में दो संदिग्ध आरोपी वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक मामले में दो संदिग्धों की पहचान की गई है। इनमें पिंटू यादव और सुमित सिसोदिया उर्फ बंदर शामिल हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर रवाना की गई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी या उनसे जुड़ी अहम सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
