कांकेर में घर पर छप रहे थे नकली नोट, ₹6.5 लाख के जाली नोट के साथ आरोपी गिरफ्तार

Spread the love
कांकेर में घर पर छप रहे थे नकली नोट, ₹6.5 लाख के जाली नोट के साथ आरोपी गिरफ्तार

कांकेर से नकली नोटों के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। कोतवाली थाना पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो पिछले कई महीनों से अपने ही घर में 500 रुपये के नकली नोट छाप रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब ₹6.5 लाख मूल्य के जाली नोट बरामद किए हैं। सभी नोट ₹500 के बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवक भारी मात्रा में नकली नोट लेकर घूम रहा है और उन्हें बाजार में खपाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में नकली नोट बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और भारी कर्ज में डूबा हुआ था। जल्दी पैसे कमाने के लालच में उसने घर पर ही नकली नोट छापने का काम शुरू कर दिया। आरोपी पिछले 5 से 6 महीनों से प्रिंटर और स्कैनर की मदद से 500 रुपये के नकली नोट तैयार कर रहा था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर में छापा मारा, जहां से नकली नोट छापने का पूरा सेटअप बरामद किया गया। जब्त सामान में लैपटॉप, कलर प्रिंटर, स्कैनर और बड़ी मात्रा में नकली नोट शामिल हैं।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने नकली नोट बाजार में चलाए हैं और क्या इस मामले में कोई बड़ा गिरोह भी शामिल है। साथ ही एक्सपर्ट्स की मदद से यह भी जांच की जा रही है कि नकली नोट असली नोटों के सिक्योरिटी फीचर्स की कितनी हद तक नकल कर पाए थे।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 500 रुपये के नोटों के लेन-देन के दौरान सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *