
बैकुंठपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सत्तीपारा में गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़
कोरिया:जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बैकुंठपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सत्तीपारा में पुलिस ने दबिश देकर गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। यहां एक व्यक्ति द्वारा अपने ही घर की बाड़ी (पिछवाड़े) में गांजे की खेती की जा रही थी। मौके से पुलिस ने लगभग 75 गांजे के हरे-भरे पौधे बरामद किए हैं।
इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सत्तीपारा निवासी सुरेश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी द्वारा अपनी बाड़ी में अवैध रूप से मादक पदार्थ उगाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक होने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बाड़ी में लगे सभी 75 पौधों को जड़ से उखाड़कर विधिवत जब्त कर लिया है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी सुरेश राजवाड़े के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सिटी कोतवाली पुलिस मामले की विस्तृत जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार के तार कहां-कहां जुड़े हैं।