
दुर्ग, सरकार के जनभागीदारी आधारित पर्यावरण अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ के अंतर्गत शनिवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, दुर्ग में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी, स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए न केवल विद्यालय परिसर में पौधे रोपे, बल्कि उनके संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मिस ग्लैम छत्तीसगढ़ हेमा सक्सेना उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने गर्व के साथ साझा किया कि वह स्वयं केंद्रीय विद्यालय (चिरमिरी) की छात्रा रही हैं और यहाँ के संस्कार व अनुशासन उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने बच्चों से लगाए गए पौधों को विशाल वृक्ष बनने तक सहेजने की अपील की।
विद्यालय की उप प्राचार्य पुष्पा बड़ा ने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने जीवन में कम से कम एक पौधे का संरक्षण करने का संकल्प ले, तो हरित एवं स्वच्छ भारत का सपना जल्द साकार हो सकता है। वहीं, कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अजय आर्य ने अभियान के मूल उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार माँ हमें जीवन और संस्कार देती है, उसी प्रकार वृक्ष हमें प्राणवायु और जीवन का आधार देते हैं। यह अभियान अपनी माँ के प्रति कृतज्ञता को प्रकृति की सेवा से जोड़ने का राष्ट्रीय संकल्प है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि हेमा सक्सेना, उप प्राचार्य पुष्पा बड़ा तथा एनसीसी अधिकारी एम.के. भारद्वाज द्वारा विद्यार्थियों को घर और आसपास लगाने के लिए पौधे भी भेंट किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में एस.के. राय, तरुणा संकरी, श्रद्धा तथा क्षमा जायसवाल की विशेष भूमिका रही।
कार्यक्रम में अभिभावकों की ओर से शीतल सोनी, एन.के. पटेल और आशीष साहू सहित कई गणमान्य लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई और विद्यालय की इस पहल की सराहना की। अंत में सभी प्रतिभागियों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के इस जनआंदोलन को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का संकल्प लिया।