
शिवाजी नगर में शराब भट्टी के खिलाफ 13 दिवसीय सफल आंदोलन का मिला इनाम; कार्यकर्ताओं में हर्ष, संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
भिलाई/दुर्ग। आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ ने प्रदेश में अपने संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के दिशा-निर्देशानुसार दुर्ग जिले में संगठन का विस्तार करते हुए, जुझारू नेता जसप्रीत सिंह को दुर्ग जिला अध्यक्ष की बड़ी कमान सौंपी गई है।
यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री, राज्यसभा सांसद एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी डॉ. संदीप पाठक तथा दिल्ली के विधायक एवं छत्तीसगढ़ सह-प्रभारी मुकेश अहलावत के निर्देशों के तहत की गई है। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षों—उत्तम जायसवाल, देवलाल नरेटी और अभिषेक मिश्रा—की अनुशंसा पर जसप्रीत सिंह को यह जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जसप्रीत सिंह को यह अहम पद जनहित के मुद्दों पर उनकी मजबूत पकड़ और उनके द्वारा किए गए जमीनी संघर्षों के फलस्वरूप मिला है।
उनकी सक्रियता का सबसे बड़ा उदाहरण खुर्सीपार के शिवाजी नगर में देखने को मिला था। जहाँ उन्होंने स्थानीय महिलाओं को एकजुट कर शराब भट्टी हटाने के लिए एक ऐतिहासिक और लंबा आंदोलन किया था। यह अनवरत धरना 13 दिनों तक चला था। इस आंदोलन का नेतृत्व जसप्रीत सिंह ने किया था और अंततः जनशक्ति के आगे झुकते हुए सरकार को वहाँ से शराब भट्टी हटाने का फैसला लेना पड़ा था।
पार्टी नेतृत्व ने भरोसा जताया है कि जसप्रीत सिंह जैसे आंदोलनकारी साथी के जिला अध्यक्ष बनने से दुर्ग जिले में आम आदमी पार्टी और भी मजबूती के साथ उभरेगी। उनकी इस नियुक्ति से स्थानीय कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस नई ऊर्जा के साथ अब आम जनता की बुनियादी समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष और भी प्रखरता व दमदारी के साथ उठाया जा सकेगा।