पुलिस का लोगो लगाकर थार वाहन से स्टंट कर रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया…

Spread the love
पुलिस का लोगो लगाकर थार वाहन से स्टंट कर रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया…

दुर्ग जिले में कानून का भय दिखाकर आम नागरिकों को डराने और सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने वाले एक फर्जी “पुलिसिया” स्टंटबाज का आखिरकार पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जो अपनी थार गाड़ी पर अवैध रूप से पुलिस का लोगो लगाकर खुद को प्रभावशाली दिखाने की कोशिश कर रहा था।


यह मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का है, जहां जुनवानी चौक के पास एक थार वाहन चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाकर राहगीरों की जान को खतरे में डाल रहा था। आरोपी की पहचान कोहका निवासी समीर वर्मा के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि युवक ने अपनी गाड़ी पर अवैध रूप से पुलिस का मोनोग्राम और बोर्ड लगा रखा था, ताकि वह आम लोगों पर धौंस जमा सके और खुद को कानून से ऊपर दिखा सके। इस दौरान वह न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहा था, बल्कि अपनी खतरनाक ड्राइविंग से सड़क पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को भी गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसकी थार गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।

सिटी पुलिस अधीक्षक (CSP) सत्यप्रकाश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा पुलिस की पहचान का दुरुपयोग या यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *