​बड़ी लापरवाही: डौंडीलोहारा ITI में मरम्मत कार्य के दौरान हादसा, छात्र के दोनों हाथों की 5 उंगलियां कटी

Spread the love
​बड़ी लापरवाही: डौंडीलोहारा ITI में मरम्मत कार्य के दौरान हादसा, छात्र के दोनों हाथों की 5 उंगलियां कटी


बालोद। जिले के डौंडीलोहारा स्थित स्व. झुमुक लाल भेड़िया शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) में प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ संस्थान में मजदूरी और मरम्मत कार्य कर रहे एक छात्र के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट ले जाने वाली ट्रॉली की चपेट में आने से छात्र के दोनों हाथों की पांच उंगलियां कटकर शरीर से अलग हो गई हैं। घायल छात्र का नाम टोकेश्वर बताया जा रहा है।


​बाथरूम मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
​मिली जानकारी के अनुसार, आईटीआई परिसर के बाथरूम में मरम्मत का कार्य चल रहा था। इस दौरान छात्र टोकेश्वर से काम कराया जा रहा था। ईंटों से भरी ट्रॉली को ले जाते समय अचानक वह छात्र के हाथों पर दब गई। दबाव इतना भीषण था कि छात्र के दोनों हाथों की पांच उंगलियां मौके पर ही कट गईं। घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। घायल छात्र को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।


​सुरक्षा मानकों की अनदेखी, प्रबंधन पर सवाल
​इस पूरी घटना ने आईटीआई प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि छात्रों से मजदूरी जैसा जोखिम भरा काम कराया जा रहा था, लेकिन सुरक्षा के कोई भी पुख्ता इंतजाम नहीं थे। काम के दौरान छात्रों को ग्लव्स या अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। प्रबंधन की इसी अनदेखी के कारण एक होनहार छात्र को अपना हाथ गंवाना पड़ा। फिलहाल इस मामले में परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *