
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए आमाबेड़ा क्षेत्र में पदस्थ दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारियों ने किसान को फसल बीमा की 90 हजार रुपये की राशि दिलाने के एवज में 75 प्रतिशत रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, मामले की शिकायत मिलने के बाद ACB जगदलपुर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपी अधिकारियों को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर और सुंदर लाल बच्छड़ के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद ACB की टीम दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई कर रही है।
फसल बीमा की राशि दिलाने के नाम पर कथित तौर पर रिश्वत मांगे जाने के इस मामले में ACB की कार्रवाई से कृषि विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।