
कोरबा। सुशासन तिहार के दौरान भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। जहां कोरबा जिले के पोड़ीउपरोड़ा बीईओ कार्यालय में पदस्थ बाबू प्रदीप मिश्रा को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बाबू ने जीपीएफ पासबुक में एंट्री करने के एवज में सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसकी शिकायत पीड़ित ने बिलासपुर ACB से की थी। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तुमान में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान ACB की टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा।
DSP अजितेश सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जैसे ही केमिकल लगे नोट आरोपी को लेते देखा, तुरंत उसे हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सुशासन तिहार जैसे सरकारी कार्यक्रम में रिश्वतखोरी उजागर होने से प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।