
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने देश में बढ़ती बेरोजगारी, राजनीतिक खर्च और नेताओं की सुविधाओं को लेकर तीखी टिप्पणी की है। उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि देश में “जिन कॉकरोचों से लोग डरते हैं, उनकी पार्टियां बन गईं, पर इससे यह सिद्ध होता है कि बेरोजगारी तो बढ़ रही है और भारत का स्कील डेवलपमेंट घट रहा है। उन्होंने कहा कि, आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, जबकि नेता चार्टर्ड प्लेन में घूम रहे हैं। जब भी पेट्रोल-डीजल की बचत या संसाधनों के संरक्षण की बात होती है, तो आम जनता से ही त्याग और बचत करने की अपील की जाती है।
उन्होंने कहा कि, देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और रुपए की गिरती कीमत को संभालने के लिए नेताओं को भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। देशहित में नेताओं की सैलरी तीन महीने तक बंद कर देनी चाहिए और अनावश्यक सरकारी खर्चों पर रोक लगानी चाहिए। साथ ही चार्टर्ड प्लेन के उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाने की बात कही।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि, जब भी किसी संकट या बचत की बात आती है, तो उसका बोझ केवल आम लोगों पर नहीं डाला जाना चाहिए।इसके साथ ही उन्होंने राजनीतिक दल और नेताओं के भी खर्चों पर कटौती की बात कही। उनके इस बयान के बाद पंडाल में मौजूद सभी लोग तालियां बजाने लगे। जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। तो वहीं पंडित धीरेंद्र शास्त्री के बयान से सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। समर्थक इसे जनता की आवाज बता रहे हैं, वहीं कई लोग इसे राजनीतिक बयानबाजी करार दे रहे हैं।