सोनम, सिया के बाद अब आगरा की रूबी! पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, 45 दिन बाद खुले राज

Spread the love
सोनम, सिया के बाद अब आगरा की रूबी! पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, 45 दिन बाद खुले राज

आगरा। : उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति की खीर में नींद की गोलियां मिलाकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। घटना के बाद वह करीब डेढ़ महीने तक पति के लापता होने का नाटक करती रही और पड़ोसियों व रिश्तेदारों के सामने रो-रोकर खुद को बेगुनाह दिखाती रही।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के बड़े भाई को महिला की गतिविधियों पर शक हुआ। शुरुआती जांच में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला था, लेकिन भाई ने खुद जांच शुरू की। मां के बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि मृतक के लापता होने के बाद भी खाते से ऑनलाइन लेनदेन जारी था। इसके बाद शक और गहरा गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी रूबी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने 18 मई को पति सुरेंद्र को खीर में 16 से 20 नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। मौत होने के बाद शव को घसीटकर बाथरूम ले गई, फर्श खोदकर उसमें दफना दिया और ऊपर से मिट्टी, गिट्टी डालकर प्लास्टर करा दिया, ताकि किसी को शक न हो।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद महिला उसी बाथरूम का सामान्य रूप से इस्तेमाल करती रही। दूसरी ओर, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के सामने पति की तलाश और चिंता का दिखावा करती रही। मृतक के भाई की सतर्कता और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने दोबारा जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान महिला विरोधाभासी जवाब देती रही और आखिरकार कथित तौर पर पूरा घटनाक्रम स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कर शव बरामद किया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।


इस घटना के बाद परिवार की दो नाबालिग बेटियां बेसहारा हो गई हैं। फिलहाल दोनों अपने ताऊ और दादी के साथ रह रही हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के मकसद सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *