
रायपुर। राजधानी रायपुर से एक बेहद दर्दनाक और दुखद हादसे की खबर सामने आई है। शहर में काम के दौरान हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
सोलर पैनल असेंबल करते वक्त हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुकरीपारा इलाके की है। यहां सर्वोदय स्कूल के पास सोलर पैनल असेंबल करने का काम चल रहा था। इसी दौरान कर्मचारियों से एक बड़ी चूक हो गई और सोलर पैनल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट (11 KV) के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।
हाईटेंशन तार के संपर्क में आते ही सोलर पैनल में भयंकर करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे दो कर्मचारी आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि दोनों कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शवों को कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।