भिलाई: जमानत पर छूटकर आए पति की पत्नी ने सिलबट्टे से वार कर की हत्या

Spread the love
भिलाई: जमानत पर छूटकर आए पति की पत्नी ने सिलबट्टे से वार कर की हत्या

छावनी क्षेत्र के कैंप-2 की घटना; आपसी विवाद और शराब की लत बनी मौत का कारण

भिलाई | संवाददाता दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंप-2, दुर्गा पारा (वार्ड 35) में आपसी कलह ने खूनी रूप ले लिया। यहाँ एक पत्नी ने घरेलू विवाद और प्रताड़ना से तंग आकर अपने ही पति के सिर पर सिलबट्टे से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय डोमन साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पत्नी हीरामणी साहू (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।

जमानत के चंद घंटों बाद हुई वारदात

​हैरानी की बात यह है कि हत्या की इस वारदात से महज एक दिन पहले, 19 अप्रैल को आरोपी पत्नी हीरामणी ने जामुल थाने में पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डोमन साहू को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जब डोमन घर लौटा, तो दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर हीरामणी ने घर में रखे सिलबट्टे से डोमन के सिर पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शराब और प्रताड़ना से परिवार था परेशान

​मृतक के भाई महेंद्र कुमार साहू और मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। डोमन साहू शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर आकर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट करता था। घर के तनावपूर्ण माहौल और बच्चों पर पड़ रहे बुरे असर के कारण हीरामणी काफी परेशान रहती थी।

“आरोपी महिला ने एक दिन पहले ही पति के खिलाफ शिकायत की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट भेजा था, जहाँ से उसे जमानत मिल गई थी। घर वापस आते ही फिर विवाद हुआ और महिला ने आवेश में आकर हमला कर दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।” > — विजय अग्रवाल, एसएसपी, दुर्ग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *