बिलासपुर एडीएम कार्यालय में एसीबी की बड़ी कार्रवाई15 हजार रुपये रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

Spread the love
बिलासपुर एडीएम कार्यालय में एसीबी की बड़ी कार्रवाई15 हजार रुपये रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार


बिलासपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही एसीबी बिलासपुर की टीम ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं न्याय निर्णयन अधिकारी कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लंबित प्रकरण में जुर्माने की राशि कम कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।


जानकारी के अनुसार करगी रोड कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता कोटा क्षेत्र में होटल का संचालन करता है। अगस्त 2025 में फूड सेफ्टी विभाग द्वारा उसके होटल की जांच के दौरान पेड़ा खुले में पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए प्रकरण अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत किया गया था।


शिकायत में बताया गया कि एडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू विजय पांडेय ने जुर्माने की राशि एक लाख रुपये तक होने की बात कहकर उसे 30 हजार रुपये तक सीमित कराने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से शिकायत कर आरोपी को पकड़वाने की योजना बनाई।


एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। सत्यापन के दौरान आरोपी बाबू शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये पहले ही ले चुका था, जबकि शेष 15 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना तैयार की।


शनिवार 10 मई 2026 को आरोपी ने शिकायतकर्ता को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं न्याय निर्णयन अधिकारी कार्यालय बुलाया। जैसे ही आरोपी विजय पांडेय ने 15 हजार रुपये रिश्वत की दूसरी किश्त ली, एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।


एसीबी सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी की शिकायतें मुखबिरों के माध्यम से भी मिल रही थीं। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी भी विभाग का लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *