
चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक एस.एन. मिश्रा पर गिरी गाज, प्रार्थी से कड़ी कार्रवाई से बचाने के नाम पर मांगे थे 40 हजार रुपए
सक्ती। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने शनिवार को सक्ती जिले के पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी पर प्रार्थी और उसके परिवार के खिलाफ दर्ज मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में 40 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बालपुर थाना चंद्रपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बालपुर की सरस्वती जायसवाल द्वारा उसके और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट थाना चंद्रपुर में दर्ज कराई गई थी। इस मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के लिए थाना चंद्रपुर में पदस्थ एएसआई एस.एन. मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।
प्रार्थी ने शिकायत में स्पष्ट कहा कि वह रिश्वत नहीं देना चाहता, बल्कि आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। सत्यापन में यह भी सामने आया कि आरोपी एएसआई मिश्रा प्रार्थी से पहले ही 20 हजार रुपए की एक किश्त ले चुका था और शेष 20 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
इसके बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की। शनिवार 10 मई 2026 को प्रार्थी ने आरोपी एएसआई को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में शेष रकम देने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी मिश्रा ने प्रार्थी से 20 हजार रुपए रिश्वत की दूसरी किश्त ली, पहले से मौजूद एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
एसीबी सूत्रों के अनुसार आरोपी एस.एन. मिश्रा के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी की शिकायतें मुखबिरों के माध्यम से भी मिल रही थीं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी भी विभाग का लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है तो इसकी तत्काल सूचना एसीबी को दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।