बीएसपी एससी/एसटी एसोसिएशन की बैठक सम्पन्न, कर्मचारी हितों को लेकर बनी रणनीति

Spread the love
बीएसपी एससी/एसटी एसोसिएशन की बैठक सम्पन्न, कर्मचारी हितों को लेकर बनी रणनीति

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के एस.सी./एस.टी. एम्पलाईज एसोसिएशन (पं. क्रं.-6976) की मई 2026 की मासिक बैठक डॉ. अम्बेडकर प्रेरणा स्थल, सेक्टर-6 में अध्यक्ष कोमल प्रसाद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में एसोसिएशन की गतिविधियों, कर्मचारी हितों और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने 14 अप्रैल को आयोजित डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती समारोह के सफल आयोजन पर सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं बीएसपी प्रबंधन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन एससी/एसटी वर्ग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठनात्मक निर्णयों को ईमानदारी और मजबूती के साथ लागू करने का आह्वान किया, ताकि एसोसिएशन की पहुंच सभी कर्मचारियों तक सुनिश्चित हो सके।

कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम मंडावी ने संयंत्र के सभी विभागों में एससी/एसटी विभागीय समितियों के गठन पर जोर दिया। वहीं उपाध्यक्ष वेद प्रकाश सूर्यवंशी ने सदस्यता अभियान 2026-27 प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा। संगठन सचिव परमेश्वर लाल ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों से प्रतिमाह 200 रुपये सहयोग राशि देने का अनुरोध किया।

कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार ने संयंत्र के सभी विभागों के मुख्य महाप्रबंधकों से मुलाकात कर “नया सवेरा” भेंट करने की योजना रखी। महासचिव विजय कुमार रात्रे ने प्रत्येक माह आयोजित होने वाले सेवानिवृत्त सम्मान समारोह में सभी विभागों के एससी/एसटी कर्मचारियों एवं अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। जोनल सचिव कालीदास बघेल ने डॉ. अम्बेडकर प्रेरणा स्थल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव दिया। कार्यकारिणी सदस्य हेमन्त भुआर्य ने आगामी ई-0 परीक्षा में शामिल होने वाले एससी/एसटी अभ्यर्थियों को एसोसिएशन के माध्यम से मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।

बैठक में भिलाई टाउनशिप में बारिश से पूर्व नालियों की साफ-सफाई, क्वार्टरों में टार फेल्टिंग, फेडरेशन भवन को मान्यता प्राप्त फेडरेशन के उपाध्यक्ष को सौंपने, सतनाम भवन के समीप भव्य जैतखाम निर्माण तथा शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में अध्यक्ष कोमल प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम मंडावी, उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज, वेद प्रकाश सूर्यवंशी, शशांक प्रसाद, महासचिव विजय कुमार रात्रे, संगठन सचिव परमेश्वर लाल, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार, जोनल सचिव कालीदास बघेल, कार्यकारिणी सदस्य धरमपाल राम, जीतेन्द्र भारती, हेमन्त भुआर्य एवं लेखराम घरेन्द्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *