कोंटा में ACB का बड़ा एक्शन: BEO 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, शिक्षा महकमे में हड़कंप

Spread the love
कोंटा में ACB का बड़ा एक्शन: BEO 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, शिक्षा महकमे में हड़कंप

सुकमा जिले के कोंटा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया है।

कोंटा : सुकमा जिले के कोंटा में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस औचक कार्रवाई से शिक्षा विभाग सहित पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

शिकायत पर बिछाया गया जाल– विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने अधिकारी द्वारा काम के एवज में रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत के प्राथमिक सत्यापन के बाद एसीबी की विशेष टीम ने सुनियोजित रणनीति के तहत ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। जैसे ही खंड शिक्षा अधिकारी ने निर्धारित 10 हजार रुपये की राशि अपने हाथ में ली, पहले से मुस्तैद टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। रासायनिक परीक्षण में नोटों पर लगे केमिकल के साक्ष्य मिलने के बाद अधिकारी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

कार्यालय के रिकॉर्ड खंगाल रही टीम– कार्रवाई के दौरान एसीबी के अधिकारियों ने संबंधित दफ्तर को अपने घेरे में लेकर जरूरी फाइलों और वित्तीय दस्तावेजों को जब्त कर लिया है। अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। रिश्वत किस मद अथवा किस फाइल को आगे बढ़ाने के लिए मांगी गई थी, इसका विस्तृत आधिकारिक खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *