केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सम्पन्न

Spread the love
केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सम्पन्न

स्वस्थ विद्यार्थी ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला : प्राचार्या पुष्पा बारा

दुर्ग। केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत दुर्ग जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी एवं नगर पालिक निगम, दुर्ग के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर के दौरान कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के सभी विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।


विद्यालय परिसर में मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) एवं दाई-दीदी क्लिनिक की चिकित्सकीय टीम द्वारा विद्यार्थियों की ऊंचाई, वजन एवं सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। साथ ही स्वच्छता, संतुलित पोषण और व्यक्तिगत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।


विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पुष्पा बारा के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत सहयोग से तीनों दिवसीय स्वास्थ्य शिविर सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। प्राचार्या ने कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और उज्ज्वल भविष्य का आधार होता है। विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।


शिविर के सफल आयोजन में श्री मनीष कुमार यादव का विशेष सहयोग रहा। उनके कुशल समन्वय एवं सक्रिय प्रयासों से तीनों दिनों की स्वास्थ्य परीक्षण प्रक्रिया सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई। शिविर के दौरान समस्त कक्षा शिक्षकों ने भी अपनी-अपनी कक्षाओं के विद्यार्थियों को अनुशासित रूप से शिविर स्थल तक पहुंचाने तथा स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के लिए स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम, दुर्ग जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी तथा नगर पालिक निगम, दुर्ग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *