
दुर्ग। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए अहिवारा तहसील में पदस्थ पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने यह कार्रवाई जमीन बंटवारे के एवज में 45 हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में की है।
जानकारी के मुताबिक हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर पैसों का लेनदेन करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान संबंधित पक्षकारों के बयान दर्ज किए गए। पूछताछ में पटवारी ने भी रिश्वत लेने की बात स्वीकार कर ली। मामले को गंभीर कदाचरण मानते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की।
निलंबन अवधि में पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर का मुख्यालय तहसील कार्यालय निर्धारित किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।