
बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा खैरीडीह के पास उस समय हुआ, जब एक बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बाइक सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक देवरी से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खैरीडीह के समीप उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतकों की पहचान पिंकापार थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय तरुण यादव, 20 वर्षीय राहुल सेवता और 21 वर्षीय नरेंद्र भुआर्या के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।