बड़ी सफलता: अंबिकापुर के ‘निर्भया कांड’ का आरोपी चिरमिरी में गिरफ्तार

Spread the love
बड़ी सफलता: अंबिकापुर के ‘निर्भया कांड’ का आरोपी चिरमिरी में गिरफ्तार

30 हजार का इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा; वायरल फोटो ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

चिरमिरी/मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी (एमसीबी): सरगुजा संभाग को झकझोर देने वाले अंबिकापुर के चर्चित हत्याकांड (निर्भया जैसी दरिंदगी) के मुख्य आरोपी को पकड़ने में चिरमिरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सरगुजा आईजी द्वारा 30 हजार रुपये के इनामी घोषित इस कुख्यात अपराधी को चिरमिरी पुलिस ने जिला अस्पताल के पास से घेराबंदी कर धर दबोचा।

वायरल फोटो से खुला सुराग

​जानकारी के अनुसार, आरोपी अपनी पहचान छिपाकर चिरमिरी क्षेत्र में फरारी काट रहा था। इस दौरान सोशल मीडिया पर आरोपी की फोटो तेजी से वायरल हुई। सजग नागरिकों और पुलिस के सूचना तंत्र ने वायरल फोटो के आधार पर आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि की। जैसे ही पुख्ता खबर मिली कि आरोपी जिला अस्पताल के पास मौजूद है, चिरमिरी पुलिस ने तत्काल टीम भेजकर उसे हिरासत में ले लिया।

सरगुजा पुलिस को सौंपा गया

​गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना अंबिकापुर पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबिकापुर से विशेष टीम चिरमिरी पहुंची, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को सरगुजा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

क्या था मामला?

​उल्लेखनीय है कि अंबिकापुर में कुछ समय पूर्व हुई इस जघन्य हत्या ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया था। कृत्य की क्रूरता को देखते हुए इसकी तुलना दिल्ली के ‘निर्भया कांड’ से की जा रही थी। तभी से पुलिस को इस आरोपी की तलाश थी और सरगुजा आईजी ने इसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *