बालोद: न्यायिक मजिस्ट्रेट को जान से मारने की धमकी, पत्र लिखकर मांगी 3 करोड़ की फिरौती

Spread the love

खुद को नक्सली बताकर डराया, पैसे न देने पर मजिस्ट्रेट और परिवार को खत्म करने की दी चेतावनी

बालोद (गुंडरदेही)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गुंडरदेही के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। अज्ञात आरोपी ने एक बंद लिफाफे में पत्र भेजकर मजिस्ट्रेट से 3 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। रकम न देने पर मजिस्ट्रेट और उनके परिजनों को गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

लिफाफे में बंद मौत का पैगाम

​मिली जानकारी के अनुसार, मजिस्ट्रेट को प्राप्त हुए बंद लिफाफे के अंदर कागज पर पेन से धमकी भरी बातें लिखी गई हैं। पत्र लिखने वाले ने खुद को नक्सली संगठन से जुड़ा बताया है। पत्र में दावा किया गया है कि वे बस्तर, कांकेर, ओडिशा और झारखंड के इलाकों में सक्रिय हैं।

पत्र में लगाए गंभीर आरोप

​धमकी देने वाले ने पत्र में न केवल फिरौती मांगी है, बल्कि न्यायिक व्यवस्था पर भी निशाना साधा है। पत्र में लिखा गया है:

“तुम्हारे ऑफिस में रुपये लेकर बाबू लोग फाइल गायब कर गरीबों को परेशान करते हैं। तुम्हें छोटे जज होने का घमंड है। हम तुम्हें मारेंगे, क्योंकि हमें तुम जैसे दुष्टों को मारकर देश को बचाना है। तुम रुपये लेकर फैसला करते हो और हाईकोर्ट के आदेशों का उल्लंघन कर पावर का दुरुपयोग कर रहे हो।”

पुलिस महकमे में हड़कंप, FIR दर्ज

​मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन ने इस गंभीर मामले की शिकायत तत्काल गुंडरदेही थाने में की है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *